ये तो गजब हो गया! दरोगा को ट्रक चालक से ₹20,000 चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया, फिर...
वीडियो हुआ वायरल.
हमीरपुर: हमीरपुर में ट्रक के केबिन से 20 हजार रुपए चोरी करने के आरोप में एक दरोगा की ट्रक चालक ने सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे सरेआम पिटाई कर दी। ड्राइवर ने हाईवे पर दरोगा का कॉलर पकड़ा और ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। सामने आए वीडियो में महज 2 सेकेंड में ताबड़तोड़ तीन थप्पड़ मारे हैं। मारपीट में दरोगा की वर्दी भी फट गई।
ड्राइवर के अनुसार, एनएच-34 पर घाटमपुर के पास दरोगा ने ट्रक चालक से लिफ्ट ली। सजेती थाना क्षेत्र के अलियापुर टोल प्लाजा के पास केबिन से 20 हजार रुपए निकालकर वह एक वैन में बैठकर फरार हो गया। चालक ने पीछा करते हुए करीब 13 किलोमीटर दूर यमुना पुल के पास उसे पकड़ लिया। वर्दी पकड़कर खींचने पर अंदर छिपाए गए नोट नीचे गिर गए।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर एसपी ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उधर, ड्राइवर की तहरीर पर सजेती थाने में आरोपी दरोगा गिरीश मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी दरोगा हमीरपुर कोर्ट की सुरक्षा में तैनात है।