Prayagraj प्रयागराज: मीरापुर इलाके में सोमवार को एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी तत्काल मौके के लिए रवाना कर दी गई। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे मकान के अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो गया था। फायर ऑफिसर R. K. Chaurasia ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम फायर टैंकर के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि जब दमकलकर्मी वहां पहुंचे तो आग काफी तेज जल रही थी और मकान के अंदर जाने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था।
स्थिति को देखते हुए दमकलकर्मियों ने खिड़कियों के जरिए अंदर पानी डालकर आग को नियंत्रित करने की रणनीति अपनाई। कुछ समय की कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटें कम होने लगीं। इसके बाद दमकलकर्मी घर के अंदर दाखिल हुए और पूरी तरह से आग बुझाने में सफलता हासिल की।
फायर ऑफिसर ने बताया कि आग अब पूरी तरह बुझा दी गई है और इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि या बड़ी संपत्ति की हानि नहीं हुई है। दमकल विभाग की तत्परता और समय पर कार्रवाई के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की वजह माना जा रहा है।