नई दिल्ली: पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार को चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल वे ICU में हैं. केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना.
बता दें, 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था. अपोलो अस्पताल ने स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल वे ICU में हैं और न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है.
वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने से करीब एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी. इस दौरान मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर आडवाणी से आशीर्वाद लिया था.
पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया था. उन्होंने कहा था कि आडवाणी की कई दशकों की सार्वजनिक सेवा और देश के जीवन में उनके योगदान की गहरी छाप रही है. पीएम मोदी ने देश की प्रगति को मजबूत करने में आडवाणी की अहम भूमिका का भी जिक्र किया था.
पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का राजनीतिक करियर काफी लंबा रहा है. वे कई बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री के पद पर रहे. इसके अलावा, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी भी संभाली.
बीजेपी को एक बड़ी राष्ट्रीय राजनीतिक ताकत बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. आडवाणी चार बार राज्यसभा और सात बार लोकसभा के सदस्य भी रहे.
Tags: