मर्डर हो गया बिरयानी में नमक तेज होने के बाद, हर किसी के होश उड़ा दिए...
फैली सनसनी.
सांकेतिक तस्वीर
मुंबई: मुंबई से रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां के बैंगनवाड़ी इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी संघर्ष की वजह सिर्फ 'बिरयानी में नमक का ज्यादा होना' बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति मंजर इमाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतका नाजिया परवीन के परिजनों ने पुलिस को बताया कि यह महज एक रात का गुस्सा नहीं था. नाजिया और मंजर ने दो साल पहले अक्टूबर 2023 में प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही मंजर का व्यवहार बदल गया. वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाजिया के साथ मारपीट करता था. करीब तीन महीने पहले भी मंजर ने हैवानियत की हदें पार करते हुए नाजिया के साथ इतनी बुरी तरह मारपीट की थी कि उसका दांत टूट गया था.
पुलिस के मुताबिक वारदात वाली रात 20 दिसंबर को नाजिया ने घर में बिरयानी बनाई थी. रात में जब मंजर खाना खाने बैठा, तो बिरयानी में नमक तेज होने को लेकर उसने हंगामा शुरू कर दिया. जिसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि मंजर ने आपा खो दिया और नाजिया का सिर दीवार पर दे मारा. सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण नाजिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी पति के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. पुलिस ने फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी मंजर इमाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.