लापरवाही की बात: एंबुलेंस के इंतजार में गर्भवती महिला ने ट्रैक्टर में दिया बच्चे को जन्म

Update: 2021-10-04 15:15 GMT

DEMO PIC 

मध्यप्रदेश में एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुली है। यहां 28 साल की एक गर्भवती महिला ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में बच्चे को जन्म दिया है। मामला अजयगढ़ तहसील से 10 किलोमीटर दूर देवगांव का है। मध्यप्रदेश में सरकार ने गर्भवती महिलाओं के लिए जननी एक्सप्रेस नाम से एंबुलेंस सेवा शुरू की है। लेकिन इसका फायदा जरूरतमंद महिलाओं को कितना मिल पा रहा है, इसकी बानगी अजगढ़ तहसील के देवगांव में देखने को मिली। पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, '10 मिनट में आता हूं' कहकर एंबुलेंस चालक ने घंटों इंतजार कराया लेकिन फिर भी नहीं आया, जब एंबुलेंस के आने की कोई संभावना नजर नहीं आई तो महिला को ट्रैक्टर-ट्रॉली में ही अस्पताल ले जाया गया।

गर्भवती महिला के रिश्तेजार संतराम पटेल ने बताया कि तहसील से हमारा गांव करीब 10 किलोमीटर दूर है। गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल ले जाना था। इसके लिए दोपहर में करीब एक बजे चार बार 108 नंबर पर एंबुलेस के लिए फोन किया। हमे बताया गया कि 10 मिनट में आ जाएंगे। लेकिन दो घंटे इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद हमे मजबूरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से महिला को अस्पताल ले जाना पड़ा। लेकिन महिला ने बीच रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया। मिली जानकारी के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। हालांकि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आरके पांडे ने कहा कि वह इस घटना से अनजान थे, लेकिन उन्होंने वादा किया कि अधिक जानकारी एकत्र करने के बाद कार्रवाई की जाएगी और जांच की जाएगी।

Tags:    

Similar News

-->