मॉल में दूसरी मंजिल से गिरा बच्चा, केनोपी के चलते बची जान

पढ़े पूरी खबर

Update: 2024-11-22 01:28 GMT

यूपी। आपने वो कहावत तो जरूर सुनी होगी जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। यह कहावत गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित महागुन मॉल में गुरुवार को सच साबित हुई। दरअसल, एस्क्लेटर पर मां की गोद से छिटककर 10 माह का मासूम दूसरी और तीसरी मंजिल के बीच से नीचे केनोपी पर गिर गया। बच्चे के गिरते ही मॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों में चीख पुकार मच गई। हालांकि, बच्चे को ज्यादा चोट नहीं लगी। परिजन उसे लेकर मैक्स अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

अभयखंड प्रथम निवासी आनंद ठाकुर वसुंधरा के एक मेडिकल स्टोर पर काम करते हैं। गुरुवार शाम वह पत्नी, चार साल की बेटी और 10 माह के बेटे देवांश उर्फ दिव्यांश के साथ महागुन मॉल गए थे। बेटी का जन्मदिन होने के चलते वहां खरीदारी करनी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चों को मां ने संभाल रखा था। देवांश मां की गोद में था और बच्ची उनका हाथ पकड़कर चल रही थी।

खरीदारी के लिए सभी दूसरी मंजिल पर पहुंचे और तीसरी मंजिल पर जाने के लिए एस्क्लेटर पर चढ़ने लगे। इस दौरान आनंद कुछ आगे निकल गए थे और उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर एस्कलेटर पर चढ़ रही थी। तभी बच्ची शैतानी करने लगी। इस चक्कर में महिला की गोद से बच्चा छिटककर केनोपी की छत अटक गया। मासूम के गिरते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।

कियोस्क की छत रबर की होने के चलते बच्चे को ज्यादा चोट नहीं लगी, फिर भी बच्चे को उतारकर परिजन मैक्स अस्पताल ले गए। प्राथमिक जांच में बच्चे को बाहरी चोट नहीं मिली। बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित था। प्राथमिक जांच और उपचार के बाद डॉक्टर ने बच्चे डिस्चार्ज कर दिया। बच्चे को लेकर परिवार अपने घर चला गया।


Tags:    

Similar News

-->