हरदा: हरदा जिले के टिमरनी से पुलिस की छवि को दागदार करने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां एक पुलिसकर्मी सरकारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. उधर पुलिस ने मामले में संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है.
नशे में धुत यह पुलिसकर्मी मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पदस्थ है. रविवार को उसने पुलिस का शासकीय वाहन हरदा जिले के टिमरनी में चलाते समय दुर्घटग्रस्त कर दिया है. शराब का नशा ज्यादा होने की वजह से न तो वह सही से खड़ा हो पा रहा और न ही वाहन चला पा रहा है. सड़क पर ही डांस करने लगता है.
इतना ही नहीं, नशे में उसे यह पता है कि अब वह सस्पेंड हो जाएगा, इसलिए वीडियो में वह कह रहा कि सस्पेंड हो जाएगा. स्थानीय लोगों ने 3 वीडियो बनाए, जिसमें वर्दी को दागदार करते हुए दिखाई दे रहा है.
टिमरनी पुलिस के अनुसार घटना छिदगांव बायपास रोड पर हुई. नर्मदपुरम पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी चंदन सलाम हरदा से बैरिकेड्स स्टापर लेकर पुलिस वाहन से नर्मदापुरम जा रहा था. इसी दौरान बैरिकेड्स से भरा पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर की बाउंड्री में जा घुसा. हालांकि, इस घटना में कोई जनहानी नहीं हुई.

Tags: