खेत में आसमान से गिरी बड़ी गेंद जैसी चीज़, मचा हड़कंप

बड़ी खबर

Update: 2023-08-18 18:59 GMT
ग्वालियर। ग्वालियर जिले के भितरवार थाना इलाके के जोरा गांव में आसमान से एक चमकदार गोलाकार गोला गिरने से हड़कंप मच गया। गोला गिरने से खेत में लगभग 2 फीट गहर गड्ढा हो गया। जैसे ही गोला गिरने की घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि खेत में एक बड़ा गोला गिरा है। बताया जाता है कि जहां पर गोला गिरा था वहां गहरा गड्ढा हो गया है। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस का कहना है कि गोले के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है कि यह क्या है। वैज्ञानिकों की टीम ही जांच कर स्पष्ट कर सकेगी कि यह क्या चीज है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भितरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जोरा श्यामपुर में किसान पूरन आदिवासी के खेत में धान की फसल का कार्य चल रहा था। आसपास के खेतों में किसान काम कर रहे थे। इस दौरान आसमान से एक चमकती चीज खेत में जा गिरी। एक राहगीर ने बताया कि यह वस्तु गोलाकार है और 50 किलो से ज्यादा वजनी है।
गांव के लोगों ने बताया कि वस्तु गोलाकार आकार में घूमती हुई आई और खेत में जाकर गिरी। वह जिस जगह गिरी वहां लगभग 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसके बाद यह घूमती हुई दूसरी जगह पर पहुंच गई। गांव के लोगों को जैसे ही सूचना मिली कि खेत में कोई गोलाकार रहस्यमय चीज गिरी है आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। खेत में लोगों की भीड़ लग गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी है। प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। ग्वालियर से वरिष्ठ वैज्ञानिकों की एक टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। कोई भी अधिकारी यह बताने में असमर्थ है कि वह वस्तु क्या है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिकों की जांच पड़ताल के बाद ही पता लग पाएगा कि गोलाकार वस्तु असल में है क्या... इसलिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर भी विचार किया जा रहा है। इस रहस्यमयी चीज को लेकर लोगों में दहशत बनी हुई है।
Tags:    

Similar News

-->