105 फीट के रावण का भव्य दहन, घूमती रही गर्दन, सिर से निकलीं आग की लपटें
कोटा। राजस्थान के कोटा में विजयादशमी का पर्व भव्य आतिशबाजी और रावण दहन के साथ मनाया गया। दशहरा समारोह में 105 फीट ऊंचे रावण और 70-70 फीट ऊंचे मेघनाद तथा कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। खास बात यह रही कि तीनों विशाल पुतले महज 15 मिनट के भीतर जलकर खाक हो गए। इस दौरान रावण की घूमती गर्दन और सिर से निकलती आग की लपटें आकर्षण का केंद्र रहीं।
घूमती गर्दन और आग की लपटों ने खींचा ध्यान
दशहरा समारोह में इस बार रावण के पुतले को विशेष तकनीक से तैयार किया गया था। दहन के दौरान रावण की गर्दन लगातार घूमती रही और उसके सिर से आग की लपटें निकलती दिखाई दीं।विशाल पुतलों के दहन के साथ शानदार आतिशबाजी ने उत्सव को और आकर्षक बना दिया। रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले देखते ही देखते आग की लपटों में समा गए।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी हुए शामिल
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान सरकार के मंत्री मदन दिलावर और हीरालाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश
विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाता है। कोटा के दशहरा समारोह में पारंपरिक आयोजन के साथ आधुनिक तकनीक का विशेष प्रदर्शन देखने को मिला। 105 फीट ऊंचे रावण की घूमती गर्दन और आग की लपटों ने इस वर्ष के आयोजन को खास बना दिया।