नई दिल्ली: भारी बारिश के बीच साउथ ईस्ट दिल्ली के जैतपुर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक घर की दीवार गिरने से कई लोग मलबे में दब गए. इस हादसे में 8 लोग घायल हुए, जिनमें अब पता चला है कि 7 लोगों की मौत हो गई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चियां शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, हादसे में घायल 5 लोगों को सफदरजंग अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान 3 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 3 घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था, जहां सभी ने दम तोड़ दिया. एक अन्य शख्स हाशिबुल अभी भी घायल है और उसका इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है.
मृतकों में पुरुषों में 30 वर्षीय शबीबुल, 30 वर्षीय रबीबुल और 45 वर्षीय मुत्तु अली शामिल हैं. महिलाओं में 25 वर्षीय रुबीना और 25 वर्षीय डॉली की जान चली गई. वहीं, बच्चियों में 6 वर्षीय रुखसाना और सात वर्षीय हसीना की मौत हो गई है.
स्थानीय निवासी आनंद जायसवाल ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बिना देर किए मलबा हटाना शुरू कर दिया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में मदद की. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक था और ज्यादातर लोग मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे.