Dharmpur. धर्मपुर। धर्मपुर उपमंडल के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। चार दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन स्पोर्ट्स हॉस्टलों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ढोड़ा और कुराश की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर मंत्री ने खिलाडय़िों के मार्च पास्ट की सलामी ली तथा ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।


खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल नीति में संशोधन कर खिलाडय़िों की वित्तीय सहायता, पुरस्कार राशि और अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की गई है। स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-14 से अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाडय़िों के लिए जिला एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं तथा कोचिंग शिविरों के दौरान 250 रुपये प्रतिदिन की समान डाइट मनी निर्धारित की गई है। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 10 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
Tags: