6 की मौत, डबल डेकर बस पलटने से मची चीख-पुकार

बड़ा हादसा

Update: 2026-05-26 02:25 GMT

उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

जानकारी के अनुसार डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी. सुबह के समय जब बस उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी चालक को नींद की झपकी आ गई. इससे बस अनियंत्रित होकर पहले रेलिंग से टकराई और फिर पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से बाहर जा गिरे. बाहर गिरे यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं. मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में थी. अचानक बस डगमगाई और रेलिंग से टकराते हुए पलट गई. हादसा इतना भयानक था कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कई लोग सीटों के नीचे दब गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

Tags:    

Similar News