5 वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म मामले का 24 घंटे में खुलासा, 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
साइबर टीम
Alwar अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को दबोच लिया गया।
अलवर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मामला दर्ज किया गया और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं मौके का दौरा कर पीड़ित बच्ची के परिजनों से बातचीत की और मामले की निगरानी की।
एसपी के अनुसार, जांच के लिए दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, दो डीएसपी, चार थानों की पुलिस, जिला विशेष टीम (डीएसटी) और साइबर टीम को शामिल करते हुए विशेष दलों का गठन किया गया। आरोपी की तलाश में पुलिस ने करीब 220 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर उसकी पहचान संभव हो सकी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसपी सुधीर चौधरी ने कहा कि बच्ची से जुड़ा यह मामला अत्यंत संवेदनशील था, इसलिए पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।