5 की मौत: रोटी की तलाश में निकले 12 मजदूर, घर पहुंची मौत की खबर
रोजगार की तलाश
Pilibhit पीलीभीत। परिवार का पेट पालने और रोजी-रोटी कमाने के लिए हरियाणा जा रहे मजदूरों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। पीलीभीत के बढ़ेपुरा कुसुमा गांव से बाजरे की कटाई के लिए निकले मजदूरों की ईको कार हरियाणा के खरखौदा के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेपुरा कुसुमा गांव के 11 मजदूर हरियाणा के झज्जर में बाजरे की कटाई का काम करने के लिए बुधवार रात रवाना हुए थे। उनके साथ ग्राम सुजनी निवासी चालक आरिफ भी था। सभी लोग ईको कार से हरियाणा जा रहे थे। गुरुवार तड़के करीब चार बजे खरखौदा बस अड्डे के पास ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामनरेश (35), अग्रवाल (30), सुशील कुमार (22), मेवाराम (40) और कार चालक आरिफ के रूप में हुई है। हादसे में सात मजदूर घायल हुए हैं। घायलों में प्रमोद (18), संजीव (25), पातीराम (27), महेंद्र पाल (55), हरीशंकर (35), विवेक (20) और खुशाली राम (50) शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग अपनों को खोने के गम में बेहाल हैं। सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो गए। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर डीएम और एसपी सुकीर्ति गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।