पुलिस विभाग में तैनात दरोगा अनिल कुमार श्रीवास्तव (लेखा), दरोगा संजय सक्सेना, दरोगा अरविंद बहादुर सिंह व हेड कांस्टेबल शिव मंगल सिंह को गुरुवार को जबरन सेवानिवृत्त कर दिया गया। अपर पुलिस आयुक्त विपिन मिश्रा ने बताया कि पूर्व में मिले विभागीय दंड के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
दरोगा अनिल कुमार को पूर्व में 30 बार दंडित किया जा चुका है जबकि दरोगा संजय सक्सेना को 28, दरोगा अरविंद बहादुर को 25 और हेड कांस्टेबल शिव मंगल सिंह को 18 बार विभाग से दंडित किया जा चुका है। इन पुलिस कर्मियों के खिलाफ काम में लापरवाही, गलत आचरण, भ्रष्टाचार समेत अन्य गंभीर आरोप लगे थे। पुलिस कर्मियों को मिले दंड की अपील करने के लिए विभाग की ओर से एक कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने भी पुलिस कर्मियों की दलील और तर्कों को खारिज कर दिया था। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि भ्रष्टाचार, कदाचार और दागी पुलिस कर्मियों को छंटनी करके उन्हें भी जबरन सेवानिवृत्त दी जाएगी।