हाइड्रोजन गैस रिसने से 4 मजदूर झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी

जांच में जुटी पुलिस

Update: 2023-03-23 15:13 GMT
उज्जैन। उज्जैन के नागदा में बिरला समूह के उद्योग ग्रेसिम केमिकल डिवीजन में गुरुवार को हादसा हो गया। यहां गैस रिसाव से 4 मजदूर झुलस गए। इन्हें जनसेवा हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां से 3 को गंभीर हालात के चलते इंदौर रेफर किया गया। हादसे के बाद संभागीय टीम जांच के लिए फैक्ट्री पहुंची। दरअसल, ग्रेसिम केमिकल डिवीजन में कास्टिक प्लांट में हाइड्रोजन पाइप लाइन का मेंटेनेंस चल रहा था। इसी दौरान 4 मजदूर गैस की चपेट में आ गए। इसमें श्रीराम (35) पिता दिलीप, गोविंद (32) पिता देवीलाल, राजेश धनक (27) पिता शालीग्राम धनक और प्रगट सिंह (57) पिता मुख्तार सिंह घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम दोपहर में ही नागदा पहुंची। इधर, हादसे के बाद उद्योग के अधिकारियों ने अपने फोन बंद कर लिए। उद्योग के गेट पर सुरक्षा गार्ड खडे़ कर मीडियाकर्मियों को अंदर जाने से रोक दिया गया।
तीनों गंभीर मजदूरों का इलाज इंदौर के चोइथराम अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि तीनों 30 प्रतिशत तक झुलसे हैं। ग्रेसिम केमिकल डिवीजन में जहां हादसा हुआ, वहां ब्लीचिंग पाउडर और कास्टिक सोड़ा बनाया जाता है। यह काफी ज्वलनशील पदार्थ है। इस उद्योग का ब्लीचिंग पाउडर प्रदेश के कई महानगरों में सप्लाई किया जाता है। ग्रेसिम केमिकल डिवीजन में बीते साल 9 नवंबर को भी एक हादसा हुआ था। इसमें एक मजदूर विक्रम सिंह (57) गंभीर घायल हुआ था। उसे गंभीर हालत में इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 13 दिसंबर को उसकी मौत हो गई थी।
Tags:    

Similar News