21 गैस सिलेंडर फटा, पूरे इलाके में मची अफरातफरी

बड़ा हादसा

Update: 2021-12-10 16:02 GMT
बिहार। भागलपुर का नवगछिया बाजार शुक्रवार को गैस सिलेंडरों के धमाके से दहल उठा। एक के बाद एक 21 सिलेंडरों में विस्फोट से काफी दूर तक के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटों में काफी सामान जलकर राख हो गया और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घर छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस प्रशासन की टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया है। आग को काबू में करने का प्रयास शुरू हुआ। फिलहाल आग का कारण पता नहीं चल सका है। धमाके के पीछे अवैध सिलेंडर रिफिलिंग को कारण बताया जा रहा है। 
घटना में बगल के घरों में भी आग लग गई। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके से पुलिस ने 63 सिलेंडर को जब्त कर लिया है। मकान मालिक परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गया है। एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल ने बताया कि मकान मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसके पास बिना किसी लाइसेंस इतने सिलेंडर कैसे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 1:15 बजे नोनियापट्टी के रामचन्द्र साह के घर में रखे सिलेंडर में विस्फोट से आसपास के कई घरों में आग लग गई। इसमें घर में रखे सामान जलकर राख हो गये। आग बुझाने के दौरान रामचन्द्र साह का चेहरा भी बुरी तरफ झुलस गया। दो और व्यक्ति के झुलसने की सूचना है। घटना के बाद रामचंद्र परिवार और बच्चों के साथ घर के जरूरी कागजात लेकर भाग गया है। आग में उसके घर का सबकुछ जलकर राख हो गया। लोगों ने बताया कि घटना के दौरान कई सिलेंडर बगल में बह रही नदी में भी फेंक दिया गया। जैसे-जैसे विस्फोट की आवाज बढ़ी लोगों में दहशत भी बढ़ती चली गई। फिलहाल दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। चार दमकल से आग पर काबू करने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीओ और एसडीपीओ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से 63 गैस सिलेंडर जब्त भी किया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस वालों की तैनाती कर दी गई है। आसपास के लोगों के मकानों को नुकसान की बात भी कही जा रही है।


Tags:    

Similar News

-->