कस्तूरबा नगर गैंगरेप केस में 2 और आरोपी

दिल्ली में शाहदरा के विवेक विहार में महिला के साथ हुई हैवानियत मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है

Update: 2022-02-06 19:05 GMT

दिल्ली में शाहदरा के विवेक विहार में महिला के साथ हुई हैवानियत मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी राजेश (43 वर्षीय) और दर्शन सिंह (41 वर्षीय) वारदात में शामिल थे। पीड़िता को दर्शन के ऑटो में अगवा कर कड़कड़डूमा से कस्तूरबा नगर लेकर आए थे। इसके बाद उसके साथ हैवानियत की गई। इस मामले में पुलिस चार नाबालिक समेत 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

शाहदरा के डीसीपी आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि रविवार को एक सूचना के बाद आरोपी राजेश और दर्शन सिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। 26 जनवरी को पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कस्तूरबा नगर के रहने वाले दर्शन सिंह के ऑटो में अगवा कर लाए थे। वारदात के बाद दर्शन सिंह फरार था। पुलिस ने ऑटो बरामद कर लिया था। लेकिन दर्शन लगातार फरार चल रहा था। वहीं जांच में राजेश की पत्नी और उसकी बेटियों से पूछताछ के बाद उसके नाम का खुलासा हुआ था। पुलिस लगातार दर्शन व राजेश की तलाश कर रही थी। रविवार को एक सूचना के बाद एसआईटी ने आरोपियों को विवेक विहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
इससे पूर्व पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर भी एक अलग केस दर्ज किया था। उस मामले में पुलिस ने पहले से गिरफ्तार वर्षा व शालू को दूसरे मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया था। बता दें कि विवेक विहार के कस्तूरबा नगर इलाके में 26 जनवरी को आरोपियों ने एक महिला को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करवाया था। इसके अलावा महिला के बाल कांटने के बाद उसका मुंह काला कर उसे इलाके में घुमाया गया था। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की धर पकड़ कर रही है।


Tags:    

Similar News

-->