17 अफसर और 80 जवानों ने मारा छापा, साइबर ठगों में मचा हड़कंप, 5 गिरफ्तार
गांव में चल रहा था साइबर ठगी का खेल?
धनबाद: झारखंड में धनबाद पुलिस ने 'साइबर शील्ड' मेगा ऑपरेशन के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. यहां टुंडी के भालपहाड़ी गांव से 5 साइबर अपराधियों को अरेस्ट किया गया है. छापेमारी में 3 लैपटॉप, 20 मोबाइल, 23 बैंक पासबुक, 16 ATM कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं. पुलिस ने इस मामले में टुंडी थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
दरअसल, धनबाद में बढ़ते साइबर क्राइम पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने 'साइबर शील्ड' नाम से मेगा ऑपरेशन शुरू किया है. टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में हुई छापेमारी में पुलिस ने पांच संगठित साइबर अपराधियों को पकड़ा है.
एसपी के आदेश पर जिले में 'साइबर शील्ड' मेगा ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी के तहत 14 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि टुंडी इलाके के भालपहाड़ी गांव में कुछ साइबर अपराधी किसी ठगी को अंजाम देने की फिराक में हैं.
सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में टीम बनाई गई. इसमें 17 पुलिस पदाधिकारियों और 80 महिला-पुरुष जवान शामिल थे. टीम ने गांव में छापेमारी की और पांच आरोपियों को धर-दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टुंडी के भालपहाड़ी के रहने वाले राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल, देवघर जिले के दिलीप कुमार मंडल और कोडरमा जिले के उमेश कुमार राणा के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से तीन लैपटॉप, 20 मोबाइल, जिनमें चार iPhone शामिल हैं. इनके साथ ही 16 ATM कार्ड, 4 पैन कार्ड, 4 आधार कार्ड, 23 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, एक e-POS मशीन, तीन RC बुक और एक अन्य कार्ड बरामद किया है.
इस मामले में टुंडी थाने में 15 अक्टूबर को केस दर्ज किया गया है. ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि धनबाद में कुछ दिनों से साइबर अपराध की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं. इन घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी के आदेश पर ऑपरेशन शुरू किया गया. इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है.