धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के निजी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नकेल कसनी शुरू कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रदेश भर के 1,146 निजी शिक्षण संस्थानों ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से जुडऩे, अपनी मान्यता को आगे बढ़ाने और स्कूल का दर्जा ऊंचा करने (अपग्रेडेशन) के लिए दावेदारी पेश की है। खास बात यह है कि इस बार 50 नए निजी स्कूलों ने बोर्ड के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू करने के लिए दस्तक दी है। आवेदन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब गेंद बोर्ड के पाले में है और इन सभी स्कूलों को मान्यता की मुहर लगवाने के लिए बोर्ड के कड़े मानकों की अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र (2027-28) के लिए संबद्धता, नवीनीकरण और उन्नयन हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई थी। तय समय-सीमा के भीतर प्रदेश के निजी स्कूलों ने भारी उत्साह दिखाया है। सबसे अधिक 1,043 स्कूलों ने अपनी पूर्व संबद्धता के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है। वहीं, 44 ऐसे स्कूल भी हैं जो अब अगली कक्षाओं का संचालन करना चाहते हैं और उन्होंने उन्नयन के लिए अर्जी लगाई है। हर साल संबद्धता के झंझट से बचने के लिए इस बार नौ निजी स्कूलों ने तीन से पांच वर्षों की लंबी अवधि की एकमुश्त संबद्धता के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा, प्रदेश के 57 निजी स्कूल ऐसे हैं, जिन्हें सत्र 2027-28 के लिए बोर्ड से पहले ही संबद्धता प्राप्त है।
Tags: