हज हाउस की लिफ्ट में फंसे 11 लोग, मची चीख-पुकार

Update: 2023-06-18 17:48 GMT
भोपाल। एयरपोर्ट रोड मप्र हज कमेटी परिसर में बने हज हाउस की लिफ्ट रविवार तकरीबन दोपहर दो बजे अचानक खराब हो गई। इसमें 11 हज यात्री फंस गए। इनमें सात महिलाएं, 12 वर्ष बच्ची और तीन पुरुष आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। यात्री घबरा गए और उनका दम घुटने लगा। समय रहते लिफ्ट का संचालन बंद करके यात्रियों को सामान सहित सुरक्षित निकाला गया। इससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार यात्रियों के साथ लिफ्ट के भीतर फंसे एक टीवी चैनल के वरिष्ठ कैमरा मैन इरशाद भाई ने लिफ्ट खराब होने की सूचना मित्र टीवी पत्रकार मेहताब अली को फोन पर दी। इसके बाद लिफ्ट में फंसे सभी यात्रियों को वहां के कर्मचारियों के सहयोग से एक-एक करके बाहर निकाला गया। सूटकेस, बैग सहित यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद पंखों के नीचे बैठाया गया, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। लिफ्ट में फंसे यात्रियों को निकालने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से लोगों का गुस्सा मप्र हज कमेटी के जिम्मेदार अफसरों पर फूटा। लिफ्ट में फंसे यात्री भोपाल, रीवा व आसपास के जिलों से हैं।
बता दें कि हज यात्रा से पहले प्रदेश से आने वाले हज यात्रियों को 48 घंटे पहले हज हाउस में आना होता है, यहां पर यात्रियों को ठहराया जाता है, उन्हें हज पर जाने की कायदे-कानून बताए जाते हैं। इसके बाद हज यात्रियों को हज पर जाने के लिए रवाना किया जाता है। इधर मप्र हज कमेटी के अध्यक्ष राफत वारसी से नवदुनिया ने फोन पर घटनाक्रम की पुष्टि करने के लिए पूछा तो उन्होंने कहा कि घटना हो गई तो क्या हुआ? बाद में ऐसी घटना होने पर मना करते हुआ कि पूछ कर बताता हूं। हज यात्रियों के साथ लिफ्ट में फंसे कैमरामैन इरशाद भाई ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद नहीं हुई थी। लिफ्ट का मरम्मत कार्य समय पर नहीं होने से लिफ्ट अचानक खराब हुई। दो व तीसरी मंजिल के बीच में फंस गई। आक्सीजन की कमी आने से सभी लोग घबरा गए। आवाज लगाने पर मदद के लिए कोई नहीं था, क्योंकि मप्र हज कमेटी की ओर से लिफ्ट संचालन के लिए किसी गार्ड या कर्मचारी की व्यवस्था नहीं की है। फिर मित्र मेहताब को फोन लगाकर घटनाक्रम की जानकारी दी। गनीमत रही कि लिफ्ट से उनका फोन लग गया। इससे समय पर मदद मिल गई, जिससे सभी लोगों को निकाल लिया गया। इससे बड़ा होते टल गया। शहर के मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक आरिफ मसूद लिफ्ट खराब होने से फंसे यात्रियों की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हज हाउस की लिफ्ट हाजियों के भरोसे ही चल रही थी। ऐसे लापरवाही करने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक मसूद हज में प्रदेश के यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था नहीं होने से नाराजगी जता चुके हैं।
Tags:    

Similar News

-->