NOIDA नोएडा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आयोजित चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-4.0) ने चार दिनों में ही कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 28 सितंबर तक कुल 3,765 व्यापारिक समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।
इन समझौतों का कुल मूल्य करीब 5,500 करोड़ रुपये यानी लगभग 574 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताया गया है। इसके अलावा देश-विदेश के खरीदारों और कंपनियों की ओर से करीब 12,500 करोड़ रुपये की कारोबारी पूछताछ भी दर्ज की गई है। मंगलवार को ट्रेड शो का अंतिम दिन है, ऐसे में कारोबार से जुड़े आंकड़ों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) के अपर महानिदेशक सुविध शाह के अनुसार, 28 सितंबर तक कुल 35,387 बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए आयोजित रिवर्स बायर्स सेलर्स मीट (RBSM) में 11,887 बैठकें हुईं, जबकि मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में घरेलू और विदेशी खरीदारों के बीच 23,500 बी2बी बैठकें संपन्न हुईं।
इन बैठकों के माध्यम से उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों को सीधे वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिला। छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े उद्योग समूहों तक को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए व्यापारिक संबंध बनाने का मंच मिला।
यूपीआईटीएस-4.0 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन से जोड़कर देखा जा रहा है। इस आयोजन के जरिए प्रदेश के एमएसएमई, एक जिला-एक उत्पाद (ODOP), हथकरघा, हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण और आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
प्रदेश सरकार का कहना है कि यूपी में विकसित हो रहे औद्योगिक और कारोबारी माहौल का फायदा स्थानीय उद्यमियों को मिल रहा है। ट्रेड शो ने छोटे और मध्यम कारोबारियों को बड़े खरीदारों के साथ सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराया है। UPITS के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों और आधुनिक उद्योगों को वैश्विक पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। व्यापारिक समझौतों और निवेश संभावनाओं के बढ़ने से प्रदेश में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Tags: