गाजियाबाद के पॉश इलाके वैशाली सेक्टर-4 में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया है. कौशांबी थाना पुलिस ने लाजवंती प्लाजा में संचालित तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 20 महिलाओं को रेस्क्यू किया है. वहीं, सेंटरों के संचालन और प्रबंधन से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, महिलाओं को नौकरी और अधिक पैसे कमाने का लालच देकर कथित तौर पर इस गतिविधि में शामिल कराया जा रहा था. मामले में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
पुलिस की यह कार्रवाई वैशाली सेक्टर-4 मार्केट स्थित लाजवंती प्लाजा बिल्डिंग में की गई. यहां प्योर थेरेपी स्पा सेंटर, ऑल स्पा सेंटर और माउंटेन स्पा सेंटर संचालित हो रहे थे. सोमवार को कौशांबी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि इन स्पा सेंटरों में महिलाओं को काम दिलाने और अधिक पैसे कमाने का लालच देकर कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों सेंटरों पर सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया. तलाशी और जांच के दौरान पुलिस ने 20 महिलाओं को रेस्क्यू किया. साथ ही, कथित गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 11 संचालकों और मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है.