West Burdwan: एलोक्वेंट स्टील के फर्नेस में धमाका, बड़ा हादसा टला

प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची

Update: 2026-06-30 09:03 GMT

पश्चिम बर्दवान: देंदुआ-कल्याणेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार तड़के शाकंभरी ग्रुप के अंतर्गत संचालित एलोक्वेंट स्टील प्राइवेट लिमिटेड के नंबर-2 फर्नेस में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।घटना के समय नाइट शिफ्ट में कार्यरत कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस हादसे में किसी श्रमिक के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों के भीतर लगातार चार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद फर्नेस से अत्यधिक गर्मी निकलने लगी, जिससे संयंत्र के भीतर नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों ने कारखाना प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा सुधार को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

कर्मचारियों का आरोप है कि संवेदनशील मशीनों और उपकरणों की समय पर मरम्मत नहीं होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।

कारखाना प्रबंधन से इस संबंध में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार तैयार किए जाने तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आंदोलनकारी एवं श्रमिक नेता अमरनाथ महतो ने कहा कि उत्पादन और मुनाफे को प्राथमिकता देकर श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के बजाय पुराने और अस्थायी उपायों पर निर्भरता बनी हुई है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

हादसे के बाद पूरे देंदुआ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के बीच चिंता और नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है।

Tags:    

Similar News