पश्चिम बर्दवान: अंडाल के डीवीसी परिसर में जबरन वसूली को लेकर भाजपा के नए और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच विवाद गुरुवार को बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पाकर अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना को लेकर अंडाल गांव के निवासी भाजपा के पुराने कार्यकर्ता ध्रुव पांडे ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। उनका आरोप है कि ऐसे कुछ नए कार्यकर्ता पार्टी के नाम का इस्तेमाल कर जबरन और अवैध वसूली की कोशिश कर रहे हैं।

ध्रुव पांडे सहित पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे पार्टी की छवि खराब हो रही है। उन्होंने मांग की कि पार्टी के नाम पर कथित तौर पर अवैध धन वसूली करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई की जाए।

पुराने कार्यकर्ताओं ने इस मामले में रानीगंज के विधायक पार्थ घोष से भी हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Tags: