सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आशीघर फांड़ी की टीम ने थारूघांटी इलाके में अभियान चलाकर करीब एक किलो ब्राउन शुगर के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मालदा के कालियाचक निवासी सुलेखा खातून और नक्सलबाड़ी निवासी सुप्रभा चक्रवर्ती के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जायेगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात थारूघांटी इलाके में ब्राउन शुगर की लेनदेन की योजना बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मौजूद दोनों महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से एक किलो ब्राउन शुगर बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मालदा से मादक पदार्थ लाकर इलाके में उसकी डिलीवरी करने की योजना थी। दोनों आरोपितों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी।

Tags: