Siliguri: मेडिकल स्टोर में सेंधमारी, साढ़े चार लाख रुपये पर चोरों ने किया हाथ साफ
चोरों ने दवा दुकान खंगाली, साढ़े चार लाख रुपये लेकर हुए फरार
सिलीगुड़ी: फूलबाड़ी पूर्व धनतला के न्यू मार्केट इलाके में एक दवा दुकान में दुस्साहसिक चोरी की घटना घटी है। बदमाश दुकान के ऊपर लगे टिन के शेड को काटकर और फॉल्स सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
दुकानदार कोमल प्रसाद भगत ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर गए थे। मंगलवार सुबह दुकान पहुंचने पर शटर बाहर से सही-सलामत मिला, लेकिन ऊपर का टिन और सीलिंग कटी व टूटी हुई थी। दुकान के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि वहां रखे रुपये गायब थे।
दुकानदार के मुताबिक, डिस्ट्रीब्यूटर को भुगतान करने के लिए करीब साढ़े चार लाख रुपये दुकान में रखे गए थे। आरोप है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना पाकर एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय दुकानदारों ने घटना पर चिंता जताते हुए आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है।