Asansol. आसनसोल। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने चुनाव आयोग (ECI) को लेकर जारी विवाद के बीच भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक भाजपा में रहे हैं और पार्टी के लोगों को अच्छी तरह जानते हैं। सिन्हा ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात में भाजपा और चुनाव आयोग एक-दूसरे के “पर्यायवाची” बन गए हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “मैं सालों भाजपा में रह चुका हूं। मैं भाजपा के लोगों को जानता हूं। आज इस बौखलाहट और घबराहट की स्थिति में भाजपा चुनाव आयोग का पर्यायवाची हो गई है क्योंकि लाभान्वित वही लोग हुए हैं।”
सिन्हा ने दावा किया कि खासकर 2024 के बाद हुए चुनाव “गैर-कानूनी” थे और चुनावों के बाद लिए गए कई फैसले भी गैर-कानूनी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी और ममता बनर्जी का भी मानना है। हालांकि यह विपक्षी नेताओं का राजनीतिक दावा है। चुनाव आयोग ने मौजूदा विवाद में कहा है कि आयोग के भीतर अलग-अलग टिप्पणियां और विचार सामान्य संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग और खासकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से “भरपूर लाभ” लिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भाजपा के पास चुनाव आयोग का साथ देने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
ECI को लेकर विवाद उस रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ है, जिसमें चुनावी सूची से जुड़े फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का जिक्र किया गया। विपक्ष ने इसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा ने चुनाव आयोग का बचाव किया है।
Tags: