नेपाल बाढ़ संकट पर प्रियंका चतुर्वेदी ने मांगी मदद बोली भारत दे पूरा सहयोग
Kolkata कोलकाता। नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ की स्थिति को लेकर शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद है और इस मुश्किल समय में भारत को पड़ोसी देश की हर संभव मदद करनी चाहिए।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इस आपदा में कई भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि नेपाल को राहत और बचाव कार्यों में पूरा सहयोग और समर्थन दिया जाए।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक रूप से मजबूत संबंध रहे हैं। ऐसे समय में जब नेपाल प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है, भारत को मानवीय आधार पर आगे बढ़कर मदद करनी चाहिए और जान-माल के नुकसान को कम करने के प्रयासों में सहयोग देना चाहिए।
नेपाल में अचानक आई बाढ़ और भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आपदा की घड़ी में पड़ोसी देशों के बीच सहयोग और मानवीय सहायता सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार नेपाल की जरूरतों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंध रहे हैं। दोनों देशों ने इससे पहले भी आपदा और संकट के समय एक-दूसरे की मदद की है।