North Dinajpur: चोपड़ा में योजना की राशि को लेकर हंगामा, पुलिस हिरासत से प्रदर्शनकारी छुड़ाने का आरोप
अन्नपूर्णा योजना की राशि को लेकर चोपड़ा में तनाव, सड़क जाम कर प्रदर्शन
उत्तर दिनाजपुर: अन्नपूर्णा योजना की राशि लंबे समय से बैंक खातों में नहीं आने का आरोप लगाते हुए मंगलवार अपराह्नच चोपड़ा के दासपाड़ा इलाके में 100 से अधिक महिलाओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा एक पुरुष प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिए जाने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन को घेरकर हिरासत में लिए गए व्यक्ति को पुलिस के कब्जे से बाहर निकाल लिया।
प्रदर्शनकारी महिलाएं दासपाड़ा ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने राज्य सड़क पर बैठ गईं और अन्नपूर्णा योजना की लंबित राशि का भुगतान किए जाने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि पिछले तीन महीने से अधिक समय से उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची है। आवश्यक दस्तावेज सही होने के बावजूद उन्हें योजना के लाभ से वंचित किया जा रहा है।
प्रदर्शन की सूचना पाकर चोपड़ा थाने की दासपाड़ा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोप है कि भीड़ में मौजूद एक पुरुष प्रदर्शनकारी को पुलिस ने हिरासत में लिया और उसे पुलिस वैन में बैठाने की कोशिश की।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए। आरोप है कि उक्त व्यक्ति को पुलिस वैन में ले जाते देख प्रदर्शनकारियों ने वैन को घेर लिया। पुलिस के विरोध के बावजूद मौके पर मौजूद लोगों ने कथित तौर पर हिरासत में लिए गए व्यक्ति को पुलिस वैन से बाहर निकाल लिया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे अन्नपूर्णा योजना की राशि के लिए कई बार पंचायत और संबंधित विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना को लेकर दासपाड़ा इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द योजना की बकाया राशि उनके खातों में भेजने की मांग की है।