गुरु पूर्णिमा पर मंत्री दिलीप घोष ने तारकेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
Hooghly हुगली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने हुगली जिले के प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तारकेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। मंत्री दिलीप घोष ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को ज्ञान, संस्कार और सही मार्ग का बोध कराते हैं। उन्होंने सभी लोगों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आध्यात्मिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे आयोजन पर नजर बनाए रही। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने अपने गुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।