मेदिनीपुर: लालगढ़ के कुमारबांध में वज्रपात से घायल लोगों का हालचाल जानने के लिए शनिवार को झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साहू मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से उनके उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार से फोन पर बातचीत में विधायक ने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य सभी की स्थिति स्थिर है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय भाजपा नेता भी अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों और उनके परिजनों की सहायता कर रहे हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार देर शाम विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर कुमारबांध में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान अचानक बारिश के बीच वज्रपात हुआ था। घटना में एक फुटबॉल खिलाड़ी की मौत हो गई थी और 22 लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया था।

विधायक लक्ष्मीकांत साहू ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की।

Tags: