Medinipur: हल्दिया में गैस हादसे से रेल संचालन पर असर, पाइपलाइन दुर्घटना के बाद कई ट्रेनें प्रभावित

गैस पाइपलाइन घटना के बाद रेलवे अलर्ट

Update: 2026-06-30 10:20 GMT

मेदिनीपुर: पूर्व मेदिनीपुर जिले के चिरंजीबपुर इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एलसी गेट नंबर-56 के उत्तर दिशा में उद्योगप्रवेश रेलवे स्टेशन के पास लगभग 50 मीटर दूर एचपीएल (हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड) की गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन और ट्रांसफॉर्मर जल गए, जबकि रेल लाइन का कुछ हिस्सा भी झुलस गया।

हादसे के कारण ट्रेन संख्या 38052 हल्दिया-हावड़ा लोकल हल्दिया से रवाना नहीं हो सकी। स्थिति पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। इस दुर्घटना में तीन स्थानीय लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेल सूत्रों के मुताबिक, चिरंजीबपुर इलाके में एचपीएल की नेफ्था पाइपलाइन फटने से लगी आग के कारण उद्योगप्रवेश स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहेड तारें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते आज की 38052 हल्दिया-हावड़ा लोकल रद्द कर दी गई है।

इसके अलावा 38051 हावड़ा-हल्दिया लोकल अब हल्दिया तक नहीं जाएगी और दुर्गाचक स्टेशन से ही वापस लौटेगी। वहीं आसनसोल-हल्दिया एक्सप्रेस भी देरी से चल सकती है और हल्दिया न जाकर दुर्गाचक से ही लौटेगी।

रेलवे के टीआरडी विभाग के कर्मचारी मरम्मत के लिए मौके पर मौजूद हैं, लेकिन आग की भयावहता के कारण फिलहाल काम शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण इस रूट पर ट्रेन सेवाएं कब सामान्य होंगी, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

Tags:    

Similar News