सुरक्षा संबंधी जानकारी लीक करने के आरोप में कोलकाता में व्यक्ति गिरफ्तार

Update: 2023-08-26 10:00 GMT
कोलकाता (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गोपनीय सुरक्षा जानकारी निकालने और उन्हें पाकिस्तानी गुप्त सेवा एजेंसी को सौंपने के लिए हनी-ट्रैपिंग अभियान का प्रयास करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
शहर पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि एक सहयोगी एजेंसी से मिली विश्वसनीय जानकारी पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने देश की सुरक्षा के लिए हानिकारक गतिविधियों में सीधे शामिल होने के आरोप में एक व्यक्ति को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बिहार के दरभंगा जिले के निवासी 36 वर्षीय भक्त बंशी झा के रूप में हुई है। उसे शुक्रवार शाम कोलकाता के लाल बाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय में एसटीएफ कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
लंबी पूछताछ के बाद झा को गिरफ्तार कर लिया गया। शहर के पुलिस अधिकारी ने कहा, "पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन से तस्वीरें, वीडियोग्राफ और ऑनलाइन चैट जैसी गुप्त जानकारी मिली है, जिसे आरोपी व्यक्ति ने पाकिस्तान के एक संदिग्ध खुफिया संचालक को भेजी थी।"
झा को शनिवार को कोलकाता की निचली अदालत में पेश किया जाएगा और सरकारी वकील उसकी पुलिस हिरासत की मांग करेंगे।
झा पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पाकिस्तान की खुफिया ऑपरेटर, जिसके साथ झा अक्सर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए चैट करता था, उसकी पहचान आरुषि शर्मा के रूप में की गई है।
कोलकाता आने से पहले, झा काफी समय तक दिल्ली में रहा था। ऐसा माना जाता है कि यहां झा ने महत्वपूर्ण रक्षा प्रतिष्ठानों और छावनियों की तस्वीरें ली थी।
Tags:    

Similar News

-->