Kolkata कोलकाता। एलपीजी और गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच Mamata Banerjee ने कहा है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन सीएनजी गैस की आपूर्ति को लेकर कुछ चुनौतियां सामने आई हैं। उन्होंने लोगों से घबराने या जमाखोरी करने से बचने की अपील की है।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लोग थोड़ी बचत और संयम बरतें तो पेट्रोल और डीजल की समस्या नहीं होगी, क्योंकि भारत लगातार तेल खरीद रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा स्थिति में सबसे बड़ी चिंता सीएनजी गैस की सप्लाई को लेकर है।
ममता बनर्जी ने बताया कि राज्य सरकार ने सीएनजी गैस सप्लाई करने वाली कंपनियों से बातचीत की है और उनसे आपूर्ति जारी रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार हर संभव मदद देने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालात पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले दिन जिलाधिकारियों (डीएम), पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा राज्य सरकार ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि गैस एजेंसियों में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो रोजाना आने वाले ऑर्डरों और आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखेगा। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि पुलिस को कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गैस की अनावश्यक जमाखोरी न करें और एक-दूसरे का सहयोग करें, ताकि सभी तक आवश्यक आपूर्ति सुचारु रूप से पहुंच सके।
Tags: