कोलकाता: लिलुआ रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक लिफ्ट अचानक बंद हो जाने से उसमें सवार 9 यात्री फंस गए। घटना उस समय हुई, जब स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 के बीच स्थित लिफ्ट यात्रियों को लेकर नीचे की ओर जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई।

लिफ्ट में फंसे यात्रियों में दो बुजुर्ग और एक बच्चा भी शामिल था। घटना की सूचना मिलते ही बेलूड़ जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

रेल पुलिसकर्मियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी 9 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण यात्रियों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और सभी यात्री पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। घटना के बाद लिफ्ट की तकनीकी खराबी की जांच तथा उसके रखरखाव को लेकर रेलवे अधिकारियों द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने की संभावना है।

Tags: