खड़गपुर: अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे आधुनिकीकरण अभियान के अंतर्गत खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय ने हल्दिया और तमलुक रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना उन्नयन और यात्रियों की सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने, यात्रियों की सुविधाओं में सुधार तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
डीआरएम खड़गपुर ललित मोहन पांडेय ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुलभ और आरामदायक सुविधाएं प्रदान करना है।
इसी क्रम में खड़गपुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल ने बेलदा रेलवे स्टेशन में चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल कार्यों तथा यात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन निरीक्षणों के माध्यम से भारतीय रेल की यह प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है कि रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुगम और यात्री-हितैषी बनाया जाए। अमृत स्टेशन योजना के तहत खड़गपुर मंडल के कई स्टेशनों में चरणबद्ध तरीके से सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।