किसी भी राजनीतिक दल का झंडा जलाना गलत, प्रशासन करे सख्त कार्रवाई: टीएमसी सांसद डोला सेन

Update: 2026-07-29 15:15 GMT
Kolkata कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद डोला सेन ने राजनीतिक दलों के झंडे जलाने की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी पार्टी के झंडे का अपमान करना न तो सही है और न ही यह कानूनी एवं संवैधानिक रूप से स्वीकार्य है। उन्होंने ऐसे मामलों में प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
डोला सेन ने कहा, "अगस्त 2024 में आरजी कर अस्पताल मामले को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान श्यामबाजार में आयोजित एक सभा में किसी ने तृणमूल कांग्रेस का झंडा जला दिया था। उस समय भी हमने सोशल मीडिया पर इसका विरोध किया था और आज भी हमारा रुख वही है।"
उन्होंने कहा कि यह केवल टीएमसी का मुद्दा नहीं है, बल्कि किसी भी राजनीतिक दल के झंडे का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा, "चाहे वह तृणमूल कांग्रेस का झंडा हो, वाम दलों का हो या किसी अन्य राजनीतिक दल का, किसी भी पार्टी का झंडा जलाना गलत है।"
टीएमसी सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन विरोध के नाम पर किसी दल के प्रतीक या झंडे का अपमान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। डोला सेन ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Tags:    

Similar News