Kakdwip काकद्वीप। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले स्थित काकद्वीप में पीएम मोदी की जनसभा में आए लोगों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। पीएम मोदी की सभा में आए सरवन शाह ने कहा कि मैं सनातनी लोगों से निवेदन करता हूं कि एक-एक वोट भाजपा को दें। भाजपा सभी का विकास करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा नेता आगे रहते थे, जनता पीछे रहती थी, लेकिन इस बार जनता आगे है और भाजपा नेता पीछे हैं। हिंदुत्व को बचाने के लिए जनता आगे है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता।
पीएम मोदी की जनसभा में आईं महिलाओं ने कहा कि इस बार परिवर्तन होगा। अब टीएमसी सरकार की जरूरत नहीं है। बता दें कि मथुरापुर संगठनात्मक जिले के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में गुरुवार को काकद्वीप स्टेडियम ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। इस सभा में मथुरापुर संगठनात्मक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवार तथा डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार उपस्थित थे।
इस सभा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ओर भ्रष्टाचार-मुक्त बंगाल बनाने का आह्वान किया तो दूसरी ओर सुंदरबन के मछुआरों पर हो रहे कथित अत्याचार और कटमनी की राजनीति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सुंदरबन के मछुआरों के लिए एक 'एक्वाटिका हब' बनाने की पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर भाजपा आगामी दिनों में सत्ता में आती है तो सुंदरबन के मछुआरों के लिए कई विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की टीएमसी सरकार वोट जीतने के लिए योजनाबद्ध तरीके से घुसपैठियों को अंदर ला रही है। इस दौरान सभा में मौजूद कार्यकर्ता और समर्थक पीएम मोदी की सभा को लेकर काफी आत्मविश्वास से भरे नजर आए।
Tags: