वामपंथी बुकस्टॉल पर अशांति फैलाने के आरोप, विवाद बढ़ा
वामपंथियों के बुकस्टॉल को लेकर आमने-सामने आए संगठन
सिलीगुड़ी: दुर्गापूजा के दौरान वामपंथी दलों के बुकस्टॉल को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में विवाद के बीच सिलीगुड़ी में भी मामला गरमा गया है। शनिवार को इस मुद्दे पर विरोध में वामपंथी दलों ने शहर में जुलूस निकाला।
वहीं, दूसरी ओर हिंदू जागरण मंच, उत्तर बंगाल प्रांत ने पत्रकार वार्ता कर बुकस्टॉल के जरिए सामाजिक अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। संगठन का आरोप है कि कुछ वामपंथी बुकस्टॉलों के माध्यम से हिंदू धर्म, देवी दुर्गा और भारतीय सभ्यता-संस्कृति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
मंच ने वामपंथी दलों से धार्मिक भावनाओं और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दिखाने की अपील की।हिंदू जागरण मंच ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को लेकर विवाद पैदा करने की कोशिशों पर नजर रखी जा रही है। संगठन ने स्पष्ट किया कि हिंदू धर्म और संस्कृति के अपमान या हिंदू विरोधी गतिविधियों के खिलाफ लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।