पश्चिम मेदिनीपुर: जिले के दासपुर थाना क्षेत्र में दुर्गापूजा की महाअष्टमी की रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 11 बजे टॉलीभाटा बस स्टैंड के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे में दासपुर के बेलियाघाटा निवासी पलाश बेरा के सिर में गंभीर चोट आई है। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार लोग घाटाल के बारदा विशालक्षी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना पाकर दासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें घाटाल महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags: