डांडिया नाइट में झूमीं महिलाएं और छात्राएं, केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज में उत्सव
रंग-बिरंगे परिधानों में सजीं महिलाएं और छात्राएं, डांडिया नाइट में दिखी रौनक
हरिद्वार: केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज, बहादराबाद में शुक्रवार को भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी शहर की प्रतिष्ठित महिलाओं और कॉलेज की छात्राओं ने डांडिया-गरबा की धुनों पर जमकर नृत्य किया और पूरे परिसर को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद गुजराती और बॉलीवुड गरबा गीतों पर प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया की खनक के बीच विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज की डायरेक्टर प्रतिशिखा शर्मा ने कहा कि डांडिया-गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, सामूहिकता और नारी शक्ति के उत्सव का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के साथ आत्मविश्वास का संचार करते हैं। महिलाओं और छात्राओं की ऊर्जा नारी सशक्तिकरण की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत करती है।
समारोह में मिसेज उत्तराखंड क्वीन 2026 रजनी मलिक, कोरियोग्राफर बंटी डांसर, अंकिता शर्मा, विनीता गौनियाल, विभा गर्ग, कनिका शर्मा, इशिता अरोड़ा, मोनिका अरोड़ा, सलोनी, अंशुल, बबीता चौहान, राजबाला, सोनिया माही, पारुल, कमला जोशी, सुनीता जोशी, रश्मि चौहान, शुभांगिनी शर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।