उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बदरीनाथ में बर्फबारी के बाद गिरा पारा, मैदानी इलाकों में बारिश से मिली राहत
उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदला
उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदला। बद्ररीनाथ सहित पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मैदानी इलाकों में बारिश के बाद लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में सोमवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल जाने से पर्वतीय क्षेत्र में लोगों को गर्मी से राहत मिल गई।
बदरीनाथ धाम की चोटियों पर दोपहर बाद हिमपात हुआ, जबकि, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री में बारिश से कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। मसूरी में भी दोपहर बाद बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश में भी बारिश से लोगों को राहत मिली।
बद्रीनाथ में रविवार रात्रि से ही बद्रीनाथ धाम में बारिश होती रही । सोमवार सुबह होते ही हल्की धूप निकली तो दोपहर बाद फिर बदला मौसम बद्रीनाथ धाम झमाझम बारिश के बाद नर - नारायण सहित नीलकंठ पर्वत श्रृंखलाओं पर हिमपात हुआ । जिले के कुछ अन्य इलाकों में कहीं आसमान में बादल गरजते रहे तो कहीं हल्की वर्षा हुई। बर्फबारी के बाद पारा गिरने से लोगों को ठंड का ऐहसास हो रहा है।
उत्तरकाशी में दोपहर बाद मौसम ने एकाएक करवट बदली। बीते कुछ दिनों से गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए झमाझम बारिश राहत बनकर बरसी। बारिश के बीच गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रही। तीर्थयात्री भी बारिश के मौसम का लुत्फ उठाते दिखे।
सोमवार को सुबह से आसमान साफ रहा। तेज धूप के बीच उत्तरकाशी में गर्मी हावी रही, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद मौसम ने एकाएक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को गर्मी से राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को बारिश का इंतजार था। जिले के पुरोला, बड़कोट, डुंडा और भटवाड़ी क्षेत्र में भी जमकर बारिश हुई।
उत्तरकाशी में बारिश के बीच बड़ी संख्या में धामों के दर्शन को पहुंच रहे देश विदेश के तीर्थयात्री भी खुशनुमा मौसम का आनंद उठाते दिखे। विश्वनाथ मंदिर परिसर में बारिश के बीच बड़ी संख्या में भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन को कतार में लगे रहे। देर शाम तक उत्तरकाशी में बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के बीच गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू रहा।
केदारनाथ में हुई एक घंटे तक बरसे मेघ
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में मौसम यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। बार-बार हो रही बारिश ने तापमान गिरा दिया है। इससे यात्रियों को बारिश और ठंड के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को शाम 4 बजे से केदारनाथ धाम में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
बदले मौसम के चलते यहां दर्शनों को पहुंचे यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ी। हालांकि यात्रियों को दर्शन कराने के लिए पुलिस, आईटीबीपी और बीकेटीसी की टीमें तैनात रहीं। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। इधर, प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से आग्रह किया है कि मौसम को देखते हुए वह पूरी तैयारी के साथ केदारनाथ यात्रा पर आएं। गरम कपड़े और बरसाती साथ में अवश्य लाएं, जिससे बारिश के दौरान दिक्कतों से बचा जा सके।
पौड़ी में बदला मौसम का मिजाज, चली तेज हवाएं व तूफान
पौड़ी। मौसम की भविष्यवाणी एक बार फिर सही साबित हुई । सोमवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली । देखते ही देखते दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे। जो कि शाम तक आंधी तूफान व अंधड़ में बदल गया। हालांकि सुबह से मौसम साफ रहा और गर्मी के चलते लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
लेकिन मौसम की पूर्व चेतावनी के अनुसार शाम तक आंधी व तूफान चलने से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया । वही आंधी तूफान के साथ मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई जिससे लोगों को गर्मी व उमस से थोड़ी राहत भी मिली। अंधड़ चलने से पौड़ी में बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गयी।
ऊर्जा निगम के पौड़ी उपखंड अधिकारी आरपी नौटियाल ने बताया कि मौसम के इस प्रकार के उतार चढ़ाव के कारण बिजली की आपूर्ति रोकी जा रही है। जिससे कि किसी भी प्रकार की क्षति न हो सके। कहा कि मौसम साफ होते ही बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।