उत्तराखंड में मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू, 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के लिए मौका, मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम
देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 72 लाख 78 हजार 35 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें 11 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इसी अवधि में मतदाता सूची से संबंधित संशोधन, दावे और आपत्तियां भी दर्ज कराई जा सकेंगी।
शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और प्रदेश की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34 लाख 84 हजार 447 महिला मतदाता, 37 लाख 93 हजार 373 पुरुष मतदाता और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड में कुल 86 हजार 28 सर्विस मतदाता हैं। इनमें 83 हजार 352 पुरुष और 2 हजार 676 महिला मतदाता शामिल हैं।
मतदाता सूची के साथ ही प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद उत्तराखंड में इनकी कुल संख्या बढ़कर 12 हजार 498 हो गई है।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में चार अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया गया था। इस अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की गई। अभियान के तहत कुल एक लाख 25 हजार 216 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए।
इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6 हजार 130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। विशेष अभियान के बाद अब प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर नागरिकों को अपने नाम की जांच करने और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे पात्र नागरिक, जिनके नाम किसी कारण से ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके पास भी 11 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर है।
मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए संबंधित नागरिकों को फार्म-6 भरना होगा। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम देखने के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों में भी मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है। संबंधित क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से भी नागरिक सूची में अपने नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही जनपद स्तर पर मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में हुई वृद्धि की जानकारी देते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीन अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। उस समय प्रदेश में कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता दर्ज थे।
इस सूची में 34 लाख 21 हजार 36 महिला मतदाता, 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष मतदाता और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 72 लाख 78 हजार 35 हो गई है।
निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया 28 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद चार जनवरी 2027 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों के पास मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के साथ ही आवश्यक संशोधन कराने का अवसर रहेगा। विशेष रूप से एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा सकेंगे।
पत्रकार वार्ता में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।