उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में विदेशी प्रोफेसर की विजिटिंग फेलोशिप
स्विट्जरलैंड की डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान पहुंचेंगी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय
हल्द्वानी: उच्च शिक्षा में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों और आधुनिक तकनीक के समावेश की दिशा में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने एक नई पहल की है। विश्वविद्यालय की विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप के लिए स्विट्जरलैंड की शिक्षाविद् डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान का चयन किया गया है। वह 16 से 29 नवंबर तक विश्वविद्यालय में रहकर शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगी।
स्विस डिस्टेंस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) से जुड़ी डॉ. म्कर्तच्यान के इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, तकनीक और शोध अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। उनके प्रवास के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को पाठ्यक्रमों में शामिल करने, डिजिटल माध्यम से पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
विश्वविद्यालय में इस दौरान कई सेमिनार, कार्यशालाएं और शैक्षणिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विद्याशाखाओं के शिक्षकों के साथ बैठकें कर संयुक्त शोध परियोजनाओं और भविष्य में संस्थागत साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। डॉ. म्कर्तच्यान 18 नवंबर को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
अपने प्रवास के दौरान वह विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्रों, शिक्षार्थी सहायता केंद्रों, सामुदायिक रेडियो स्टेशन और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रोडक्शन सेंटर का भी निरीक्षण करेंगी। इस दौरान उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय परंपराओं को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी को लगातार विस्तार दे रहा है। विदेशी विशेषज्ञों के साथ संवाद से शिक्षकों और विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षण प्रणालियों, आधुनिक तकनीकों और शोध के नए तरीकों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करेगी।
इंटरनेशनल रिलेशन्स यूनिट के प्रभारी प्रो. जीतेन्द्र पाण्डे के अनुसार, विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप का उद्देश्य विदेशी विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों को भारतीय शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ना और शिक्षण, अनुसंधान तथा नवाचार के क्षेत्र में सहयोग के नए रास्ते खोलना है। डॉ. म्कर्तच्यान का प्रवास इसी दिशा में विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।