देहरादून इंटर कॉलेज में तोड़फोड़ कार्यालय में लगाई आग जांच में जुटी पुलिस
सरकारी रिकॉर्ड जलाने की कोशिश
देहरादून : राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज बड़ोंवाला जौलीग्रांट में शरारती तत्वों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने विद्यालय के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की, महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़ दिए और कुर्सी-मेज समेत अन्य सामान को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह जब शिक्षक और कर्मचारी विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय का हाल देखकर हैरान रह गए। कमरे में दस्तावेज बिखरे हुए थे, सामान टूटा पड़ा था और कई चीजों को आग लगाई गई थी। शरारती तत्वों ने सिर्फ कार्यालय को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि प्रधानाचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम में भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि उपद्रवियों ने जरूरी रजिस्टर और दस्तावेजों को फाड़ दिया। इसके अलावा कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों के दिखाई देने की बात सामने आई है। विद्यालय की प्रधानाचार्य कविता नौटियाल ने बताया कि घटना में कार्यालय समेत कई कमरों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। स्कूल प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षकों और कर्मचारियों ने मांग की है कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।