Udham Singh Nagar: बैनामा कराने के नाम पर सेवानिवृत्त शिक्षिका से हड़पे 10 लाख

"अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया"

Update: 2025-03-31 11:38 GMT

ऊधम सिंह नगर: सेवानिवृत्त शिक्षिका ने मां-बेटे पर उससे जमीन का बैनामा कराने के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया है। पुराना आवास विकास निवासी सुमन पाल ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया।

बताया कि उन्होंने अपने पड़ोस में रहने वाली भगवती देवी व उसके बेटे राजेश कुमार से 4.5 एकड़ जमीन का सौदा 65 लाख रुपये में किया था। ढाई लाख रुपये खाते में और साढ़े सात लाख रुपये नकद बतौर बयाना दिया था। कुछ समय बाद जमीन का बैनामा कराने को कहा तो वह टालमटोल करने लगे।

आरोपियों ने बैनामा किसी अन्य व्यक्ति को करा दिया है। जिस पर न्यायालय तहसीलदार के यहां वाद दायर करके दाखिल-खारिज में आपत्ति लगवाई। तब आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे।

24 मई 2024 को वह अपने पति के साथ तहसील में तारीख पर आई तब भगवती देवी व उसके बेटे राजेश कुमार और तीन अन्य लोगों ने अभद्रता की। राजेश कुमार ने कहा कि उसके रुपये वापस नहीं करेगा, साथ ही उसे व उसके पति को ठिकाने लगाने की धमकी देने लगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News