परिवहन विभाग ने अधिक किराया वसूलने पर दो विक्रम पकड़े
परिवहन विभाग ने अधिक किराया लेने पर की कार्रवाई
हरिद्वार: ऑटो-विक्रम में अधिक किराया वसूली की शिकायत पर एआरटीओ की टीम ने आम यात्री बनकर छापा मारा। रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन तक 50 रुपये के निर्धारित किराए की जगह 300 रुपये मांगने पर दो विक्रम वाहनों को जब्त कर लिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में यह आकस्मिक जांच की गई। परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल सहित पूरी टीम मौजूद रही।
जांच के दौरान कुल 105 चालान किए गए और 25 वाहन जब्त किए गए। इसमें एक ई-रिक्शा ओवरलोडिंग और दो ई-रिक्शा बिना पंजीकरण के चलते पकड़े गए।
अधिकारियों ने कहा कि अधिक किराया वसूलना, ओवरलोडिंग और बिना कागज वाहन चलाना बर्दाश्त नहीं होगा। ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी। जनता से अपील की गई है कि अधिक किराया वसूले जाने पर वाहन नंबर नोट कर परिवहन विभाग को सूचना दें।