देहरादून: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दिल्ली से जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अभियान की स्थिति की समीक्षा की और ट्रैकिंग एवं पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स तथा पोर्टरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है। हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी ट्रैकर्स को हर्षिल हेलिपैड पहुंचाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच की गई। प्रशासन ने सभी ट्रैकर्स का स्वास्थ्य सामान्य बताया है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बर्फबारी प्रभावित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौजूद प्रत्येक पर्यटक और ट्रैकर को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने रेस्क्यू किए गए लोगों को चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

प्रशासन के मुताबिक, ऑडेन कोल क्षेत्र से ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के बाद अब कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू अभियान जारी है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों को तैनात किया गया है। बर्फबारी और मौसम की स्थिति को देखते हुए अभियान को आवश्यक समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में हाल में हुई बारिश से हुए नुकसान की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, बंद सड़कों को जल्द खोलने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Tags: