चौड़ीकरण अभियान में बाधक अतिक्रमणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
चौड़ीकरण अभियान के तहत अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई
हल्द्वानी: हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई की। तीनपानी से नरीमन चौराहे होते हुए काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन और उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए। इस दौरान करीब 25 से 30 संरचनाओं से अतिक्रमण हटाया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है और इस पर यातायात का भारी दबाव रहता है। मार्ग को चौड़ा करने की परियोजना लंबे समय से चल रही है। संबंधित लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए गए।
उन्होंने बताया कि बरसात में काम प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार को देखते हुए संबंधित लोगों को अतिरिक्त समय भी दिया गया था। समयसीमा पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शेष क्षेत्र में भी कार्रवाई की जाएगी।
वाजपेयी के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।